मेजर जनरल गोवर्धन सिंह जम्वाल ने ब्रिगेडियर राजिंदर सिंह की शहादत को किया नमन
जम्मू,, 26 अक्टूबर (हि.स.)।
कश्मीर के रक्षक के रूप में प्रसिद्ध ब्रिगेडियर राजिंदर सिंह की शहादत को याद करते हुए जम्मू-कश्मीर एक्स-सर्विसेज लीग के मुख्य संरक्षक मेजर जनरल गोवर्धन सिंह जम्वाल (सेवानिवृत्त) ने उनकी वीरता, देशभक्ति और बलिदान को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।
उन्होंने अपने श्रद्धांजलि संदेश में कहा कि ब्रिगेडियर राजिंदर सिंह ने वर्ष 1947 में सीमित सैनिक बल के साथ हमलावरों का मुकाबला करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। उनके साहसिक प्रतिरोध से भारतीय सेना को कश्मीर पहुंचने के लिए महत्वपूर्ण समय मिला।
मेजर जनरल जम्वाल ने कहा कि ब्रिगेडियर राजिंदर सिंह की स्मृति में कई स्मारक बनाए गए हैं लेकिन सरकारी स्तर पर उनके सम्मान में नियमित कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। उन्होंने राजिंदर चौक स्थित स्मारक को औपचारिक रूप से अपनाने और ब्रिगेडियर राजिंदर सिंह के योगदान को स्कूली पाठ्यक्रम में शामिल करने की मांग की।
उन्होंने जनरल जोरावर सिंह के ऐतिहासिक योगदान को भी याद किया और कहा कि जम्मू-कश्मीर के महान वीरों की कहानियां युवा पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।
उन्होंने सरकार से ऐतिहासिक स्मारकों के संरक्षण के साथ-साथ स्थायी प्रदर्शनी, लघु मॉडल और ऐतिहासिक घटनाओं के पुनर्प्रदर्शन जैसी व्यवस्थाएं विकसित करने का आग्रह किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

