home page

उपराज्यपाल सिन्हा ने श्रीनगर के टीआरसी फुटबॉल स्टेडियम से 3 मई को होने वाली एक मेगा पदयात्रा की घोषणा की

 | 

जम्मू, 02 मई (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को जम्मू और कश्मीर के लोगों से नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से चलाए जा रहे एक बड़े जन आंदोलन में शामिल होने का आह्वान किया और श्रीनगर के टीआरसी फुटबॉल स्टेडियम में 3 मई को होने वाली एक मेगा पदयात्रा की घोषणा की।

एक जन संदेश में उपराज्यपाल ने कहा कि वे केंद्र शासित प्रदेश में नशाखोरी की समस्या को खत्म करने की दिशा में एक मजबूत और प्रेरणादायक गति देख रहे हैं। उन्होंने समाज के सभी वर्गों के नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं से पदयात्रा में भाग लेने और सामूहिक रूप से नशीले पदार्थों के खिलाफ आवाज उठाने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा कि आइए हम सब एकजुट होकर आने वाली पीढ़ियों के लिए एक सुरक्षित और स्वस्थ जम्मू और कश्मीर का निर्माण करें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि नशा विरोधी अभियान की सफलता के लिए सामुदायिक भागीदारी महत्वपूर्ण है।

यह पहल प्रशासन द्वारा नशाखोरी के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने और कार्रवाई तेज करने के निरंतर प्रयासों का हिस्सा है जिसमें अधिकारी अभियान को प्रभावी और टिकाऊ बनाने के लिए व्यापक जनभागीदारी को प्रोत्साहित कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता