नई बस्ती में लोगों ने आरोपी का पुतला फूंका
जम्मू, 22 अगस्त (हि.स.)।
डोडा जिले के छतरू क्षेत्र में नाबालिग बच्ची की मौत के मामले को लेकर स्थानीय लोगों ने नई बस्ती में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उसका पुतला फूंका और सरकार से बच्ची के परिवार को न्याय दिलाने की अपील की।
प्रदर्शनकारियों की अगुवाई पूर्व पार्षद पवन सिंह कर रहे थे।
जानकारी के अनुसार नाबालिग बच्ची की गर्भावस्था के दौरान इलाज के लिए जीएमसी ले जाते समय मौत हो गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में रोष व्याप्त है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि आरोपी को निलंबित किया जाना पर्याप्त नहीं है और उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज कर कड़ी से कड़ी सजा सुनिश्चित की जानी चाहिए।
लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

