home page

उपराज्यपाल सिन्हा ने कायरतापूर्ण हमले की निंदा की, किश्तवाड़ में जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो जवानों की शहादत पर शोक जताया

 | 

जम्मू, 13 नवंबर (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर पुलिस के दो बहादुर जवानों, बाबी चंद और रशपाल कुमार की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त किया। इन जवानों ने किश्तवाड़ में अपनी ड्यूटी के दौरान देश के लिए प्राण न्योछावर कर दिए। एक्स पर एक पोस्ट में उपराज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर पुलिस के बहादुर जवानों, बाबी चंद और रशपाल कुमार की शहादत से मुझे गहरा दुख हुआ है। उन्होंने किश्तवाड़ में अपनी ड्यूटी के दौरान जान दी। मैं इस कायरतापूर्ण हमले की कड़ी निंदा करता हूं। उन्होंने आगे कहा कि उनके साहस, अटूट समर्पण और राष्ट्र के प्रति निस्वार्थ सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। हम इस कठिन समय में उनके साथ पूरी मजबूती से खड़े हैं। ये दोनों एसपीओ (विशेष पुलिस अधिकारी) बुधवार दोपहर को अपने कैंप से धारना-मरवाह में भारतीय सेना की एक चौकी पर ड्यूटी के लिए जाते समय लापता हो गए थे। गुरुवार सुबह दच्छन के जंगल में उनके शव मिले।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता