home page

सिर्फ नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें: उपराज्यपाल सिन्हा

 | 

श्रीनगर, 11 नवंबर (हि.स.)।

उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार को शेर-ए-कश्मीर यूनिवर्सिटी ऑफ एग्रीकल्चरल साइंसेज एंड टेक्नोलॉजी ऑफ कश्मीर (एसकेयूएएसटी) के छात्रों से उद्यमिता की ओर कदम बढ़ाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि छात्रों की पहल न केवल उनके खुद के लिए आजीविका सुनिश्चित करे बल्कि पूरे जम्मू-कश्मीर के अन्य युवाओं के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करे।एसकेयूएएसटी कश्मीर में विभिन्न बुनियादी ढांचा सुविधाओं के उद्घाटन के दौरान छात्रों को संबोधित करते हुए उपराज्यपाल सिन्हा ने विश्वास जताया कि छात्र अपने प्रोटोटाइप विचारों को आगे बढ़ाएंगे और किसानों की जरूरतों के हिसाब से व्यावहारिक समाधान विकसित करेंगे। इससे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जम्मू-कश्मीर को पहचान मिलेगी। सिन्हा ने कहा कि हाल के वर्षों में एसकेयूएएसटी में काफी बदलाव आया है। उन्होंने हाल ही में स्थापित निदेशालय से छात्रों को अपना खुद का बिजनेस शुरू करने के लिए एक बेहतर मंच प्रदान करने को कहा।

छात्रों को बीज परीक्षण, कोल्ड-चेन आधारित स्टार्टअप और स्मार्ट हेल्थकेयर सेवाओं जैसे क्षेत्रों में अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित करते हुए उपराज्यपाल ने कहा कि ऐसी पहल से युवा स्नातक आत्मनिर्भर बनेंगे और दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि यह पहल दूसरों के लिए भी आजीविका कमाने के रास्ते खोलेगी।

उपराज्यपाल सिन्हा ने कहा किएसकेयूएएसटी के छात्र अपने विचारों को किसानों के कल्याण के लिए व्यावहारिक समाधानों में बदलने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि अगर हम भविष्य के लिए तैयार जम्मू-कश्मीर देखना चाहते हैं तो इसमें केंद्र शासित प्रदेश का योगदान बहुत महत्वपूर्ण है।

मुझे विश्वास है कि एसकेयूएएसटी कश्मीर एक ऐसी यूनिवर्सिटी और कृषि व्यवस्था बनाने की अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभा रहा है जो भविष्य के लिए पूरी तरह तैयार है।

उपराज्यपाल ने आगे कहा कि मेरा मानना है कि एक कृषि विश्वविद्यालय में हम किसी भी देश की किसी भी चुनौती या कठिनाई का समाधान खोज सकते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह