home page

हम जम्मू कश्मीर में प्रतिभाओं की एक ऐसी श्रृंखला का निर्माण कर रहे हैं खिलाड़ियों कोल राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में सक्षम बनाएगी: उपराज्यपाल

 | 
हम जम्मू कश्मीर में प्रतिभाओं की एक ऐसी श्रृंखला का निर्माण कर रहे हैं खिलाड़ियों कोल राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में सक्षम बनाएगी: उपराज्यपाल


श्रीनगर, 11 जून (हि.स.)। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गुरुवार को श्रीनगर के पोलो ग्राउंड स्थित सिंथेटिक हॉकी एस्ट्रो टर्फ पर आयोजित अल्फा हॉकी अंतर-विद्यालय टूर्नामेंट-2026 के समापन समारोह में भाग लिया।

इस टूर्नामेंट में कुपवाड़ा, बांदीपोरा, कुलगाम और शोपियां सहित विभिन्न जिलों के 32 स्कूलों के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

अपने संबोधन में उपराज्यपाल ने टूर्नामेंट के दौरान कौशल और प्रतिभा के शानदार प्रदर्शन के लिए सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को बधाई दी।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर खेल परिषद, बादल हॉकी क्लब और हॉकी जम्मू-कश्मीर के संयुक्त प्रयासों की सराहना की जिन्होंने पूरे क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों के जज्बे और जुनून को बढ़ावा देने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान किया।

उपराज्यपाल ने कहा, “इस टूर्नामेंट का उद्देश्य सिर्फ स्कोरबोर्ड तक सीमित नहीं था। इसने हमारे प्रतिभाशाली बच्चों को अपनी वास्तविक खेल क्षमता को साकार करने के लिए एक परिवर्तनकारी मंच प्रदान किया।”

उपराज्यपाल ने इस बात पर प्रकाश डाला कि पिछले कुछ वर्षों में जम्मू-कश्मीर में हॉकी के क्षेत्र में उल्लेखनीय परिवर्तन आया है।

उन्होंने कहा कि खेल अवसंरचना, जमीनी स्तर की प्रतियोगिताओं और सामुदायिक भागीदारी में किए गए निवेश ने केंद्र शासित प्रदेश में इस खेल की लोकप्रियता को सफलतापूर्वक बढ़ाया है।

हमारा लक्ष्य है कि आने वाले वर्षों में अधिक से अधिक स्कूल और युवा खिलाड़ी हॉकी को अपनाएं और जम्मू कश्मीर को विश्व स्तरीय हॉकी प्रतिभाओं का केंद्र बनाएं।

हम जम्मू कश्मीर में प्रतिभाओं की एक ऐसी श्रृंखला का निर्माण कर रहे हैं जो खिलाड़ियों को स्कूल स्तर से क्षेत्रीय स्तर और फिर राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने में सक्षम बनाएगी।

उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में, पोलो व्यू श्रीनगर, पुलवामा और पुंछ में सिंथेटिक हॉकी टर्फ ने शहरों, सीमावर्ती जिलों और दूरदराज के क्षेत्रों के महत्वाकांक्षी खिलाड़ियों के लिए नए रास्ते खोल दिए हैं।

जम्मू में बंधु रख और के.के. हक्कू स्टेडियम में अत्याधुनिक सिंथेटिक हॉकी टर्फ का निर्माण कार्य चल रहा है। इन परियोजनाओं से उन्नत प्रशिक्षण, विशेष कोचिंग शिविरों और प्रतिभा पहचान कार्यक्रमों की क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी जिससे भविष्य के राष्ट्रीय खिलाड़ियों के लिए एक मजबूत आधार तैयार होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह