मानसिक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता पर व्याख्यान : विशेषज्ञ ने विद्यार्थियों को भावनात्मक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और स्वस्थ दिनचर्या के प्रति किया जागरूक
जम्मू, 06 अक्टूबर (हि.स.)। डोगरा डिग्री कॉलेज (स्वायत्त) में एनएसएस की ओर से दान उत्सव के तहत ‘मानसिक स्वास्थ्य एवं स्वच्छता’ विषय पर व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को भावनात्मक स्वास्थ्य, स्वस्थ जीवनशैली और मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं की शुरुआती पहचान के प्रति जागरूक करना था। क्लिनिकल साइकोलॉजिस्ट जस्मीन कौर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि मानसिक स्वास्थ्य समग्र स्वास्थ्य का महत्वपूर्ण हिस्सा है और भावनात्मक या मनोवैज्ञानिक परेशानियों को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते उचित सहायता लेनी चाहिए।
उन्होंने नींद में बदलाव, भूख में परिवर्तन, लगातार थकान, सामाजिक दूरी, मूड में बदलाव, अत्यधिक चिंता, जरूरत से ज्यादा सोचने और नकारात्मक विचारों जैसे संकेतों पर ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के बीच संबंध बताते हुए नियमित व्यायाम, संतुलित एवं पौष्टिक भोजन तथा पर्याप्त नींद को जरूरी बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को पैदल चलने, दौड़ने, साइकिलिंग, तैराकी और अन्य शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन से जुड़े सवाल पूछे। इस अवसर पर डोगरा ग्रुप ऑफ कॉलेजेज की निदेशक एवं डोगरा डिग्री कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. बेला ठाकुर, कार्यक्रम प्रभारी, शिक्षक और स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

