home page

सोना ए दरबार माँ बावे वाली दा' भजन का विमोचन, श्रद्धा और संस्कृति का संदेश

 | 
सोना ए दरबार माँ बावे वाली दा' भजन का विमोचन, श्रद्धा और संस्कृति का संदेश


जम्मू, 25 जुलाई (हि.स.)। भाजपा जम्मू-कश्मीर के महामंत्री एवं पूर्व डिप्टी मेयर जम्मू बलदेव सिंह बिलावरिया ने शनिवार को माँ श्री बावे वाली को समर्पित भक्ति भजन ‘सोना ए दरबार माँ बावे वाली दा’ का विमोचन किया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष रशपाल वर्मा, अनुसूचित मोर्चा अध्यक्ष धरमिंदर कुमार, संस्कृति, कला एवं संस्कृति प्रकोष्ठ के सह-संयोजक साहिल महाजन, भजन के गायक एवं लेखक मखन चहल, संगीतकार कुमार गौरव तथा वीडियो निर्देशक राहुल दत्ता भी उपस्थित रहे।

भजन के विमोचन के दौरान बलदेव सिंह बिलावरिया ने कहा कि भक्ति संगीत भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि माँ श्री बावे वाली करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं और यह भजन श्रद्धालुओं में भक्ति एवं आध्यात्मिक चेतना को और प्रगाढ़ करेगा। उन्होंने जम्मू की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संगीत के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे भक्ति गीत समाज में सकारात्मक सोच और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हैं।

बिलावरिया ने कलाकारों की भूमिका को सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण में महत्वपूर्ण बताते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि यह भजन श्रद्धालुओं के बीच लोकप्रिय होगा। वहीं भजन के गायक एवं लेखक मखन चहल ने कहा कि यह प्रस्तुति माँ बावे वाली के प्रति उनकी श्रद्धा और समर्पण का विनम्र प्रयास है तथा उन्हें उम्मीद है कि श्रद्धालु इसे भरपूर स्नेह और आशीर्वाद देंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा