जम्मू के जवाहर नगर में 1.62 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ
जम्मू, 06 जून (हि.स.)। जम्मू पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति देते हुए विधायक अरविंद गुप्ता ने शनिवार को वार्ड नंबर-40, जवाहर नगर में 1.62 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले प्रमुख विकास कार्यों के प्रथम चरण का शुभारंभ किया। यह परियोजना तीन चरणों में पूरी की जाएगी जिसमें पहला चरण जम्मू नगर निगम द्वारा जारी बाढ़ पुनर्स्थापन निधि के तहत शुरू किया गया है।
इस अवसर पर विधायक अरविंद गुप्ता ने कहा कि वार्ड-40 के कई क्षेत्रों में पिछले लगभग 25 वर्षों से आधारभूत ढांचे के उन्नयन की मांग लंबित थी। इन विकास कार्यों की शुरुआत से स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांगों को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
उन्होंने जम्मू नगर निगम के आयुक्त देवांश यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनहित के प्रति उनकी सकारात्मक सोच और सहयोग से इन कार्यों के लिए आवश्यक धनराशि उपलब्ध हो सकी है। विधायक ने कहा कि शेष दो चरणों के कार्य चालू वित्तीय वर्ष में कैपेक्स फंड के तहत पूरे किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय निवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने सफाई व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी मांगें रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन विधायक ने संबंधित विभागों के समन्वय से दिया।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों का कल्याण सर्वोच्च प्राथमिकता है और विकास केवल सड़कों एवं नालियों तक सीमित नहीं है, बल्कि बेहतर स्वच्छता, विश्वसनीय बिजली आपूर्ति और गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना भी इसका हिस्सा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वार्ड-40 की सभी लंबित विकास आवश्यकताओं को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

