छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र के लिए शर्मनाक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री जल्द इस्तीफा दें-चाैधरी लाल सिंह
कठुआ, 24 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी ने कठुआ में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की कड़ी निंदा करते हुए केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। पूर्व सांसद चाैधरी लाल सिंह ने इसे लोकतंत्र पर हमला करार देते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद चाैधरी लाल सिंह ने कहा कि पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर पहले ही छात्रों में आक्रोश था लेकिन सरकार ने इसे हल्के में लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में नीट समेत कई परीक्षाओं में लगातार गड़बड़ियां सामने आई हैं जिससे छात्रों का भविष्य दांव पर लगा है। सिंह ने कहा कि जब छात्र जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे तब सरकार ने उनकी मांगों को नजरअंदाज किया। लेकिन जब छात्रों ने संसद मार्च किया तो उन पर लाठीचार्ज कर दिया गया जो पूरी तरह निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान छात्राओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया जो बेहद शर्मनाक है।
उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों द्वारा संसद में पेपर लीक और छात्रों के मुद्दों पर चर्चा की मांग को भी केंद्र सरकार ने गंभीरता से नहीं लिया। यह सरकार की संवेदनहीनता को दर्शाता है। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार से तुरंत शिक्षा मंत्री का इस्तीफा लेने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि छात्रों को न्याय नहीं मिला तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

