home page

भोलेनाथ के जयकारों से गूंजा लखनपुर, अमरनाथ यात्रियों के पहले जत्थे का भव्य स्वागत

 | 
भोलेनाथ के जयकारों से गूंजा लखनपुर, अमरनाथ यात्रियों के पहले जत्थे का भव्य स्वागत


कठुआ, 01 जुलाई (हि.स.)। श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 के शुभारंभ के साथ ही जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर में बुधवार को पहले जत्थे के यात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। बम बम भोले और जय बाबा बर्फानी के गगनभेदी जयकारों के बीच पूरे क्षेत्र में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

जिला प्रशासन कठुआ द्वारा यात्रियों के स्वागत के लिए विशेष तैयारियां की गई थीं। इस अवसर पर उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा, एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा, एडीसी महिमा मदान सहित सिविल व पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने यात्रियों का फूल-मालाएं पहनाकर विधिवत स्वागत किया। लखनपुर यात्री सुविधा केंद्र को पूरी तरह से सक्रिय कर दिया गया है जहां यात्रियों की सुविधा के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यहां 6 आरएफआईडी काउंटर और 12 ई-केवाईसी काउंटर स्थापित किए गए हैं जिनके माध्यम से पंजीकृत यात्रियों का सत्यापन और आरएफआईडी कार्ड जारी किए जा रहे हैं।

सभी व्यवस्थाओं की निगरानी प्रशासन द्वारा लगातार की जा रही है ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। यात्रियों के स्वागत के लिए जिला सूचना केंद्र कठुआ द्वारा एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया जिसमें स्थानीय कलाकारों ने शिव तांडव स्तोत्र और भजनों की प्रस्तुति देकर माहौल को भक्तिमय बना दिया। इस सांस्कृतिक प्रस्तुति ने यात्रियों के स्वागत को और भी यादगार बना दिया।

उपायुक्त राजेश शर्मा ने यात्रियों से बातचीत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं और आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षित, सुगम और आरामदायक यात्रा के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने बताया कि हेल्प डेस्क, चिकित्सा सुविधा, स्वच्छता व्यवस्था सहित सभी जरूरी सेवाएं विभिन्न विभागों के समन्वय से उपलब्ध कराई गई हैं।

उन्होंने आगे कहा कि लखनपुर यात्री सुविधा केंद्र को एक आधुनिक और समग्र सहायता केंद्र के रूप में विकसित किया गया है जहां प्रशासनिक दक्षता के साथ-साथ कठुआ की पारंपरिक मेहमानवाजी भी देखने को मिलती है। श्री अमरनाथ जी यात्रा 2026 का आयोजन 3 जुलाई से 28 अगस्त तक किया जाएगा जिसमें देशभर से श्रद्धालु दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले में स्थित पवित्र गुफा तक पहुंचकर बाबा बर्फानी के दर्शन करेंगे। बाद में जिला प्रशासन द्वारा पहले जत्थे को विधिवत रवाना किया गया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच यात्री जम्मू बेस कैंप के लिए रवाना हुए जहां से यात्रा की शुरुआत 2 जुलाई की सुबह निर्धारित है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया