home page

प्रशासनिक सुधार के तहत लद्दाख में गठित होंगी 17 नई तहसीलें, उपराज्यपाल की मंजूरी

 | 

लेह, 12 जुलाई (हि.स.)। लद्दाख के उपराज्यपाल ने 17 नई तहसीलों के गठन को मंज़ूरी दी है। अब लद्दाख में तहसीलों की कुल संख्या 15 से बढ़कर 32 हो गई है। 2019 में लद्दाख के केंद्र शासित प्रदेश बनने के बाद से यह राजस्व प्रशासन के सबसे महत्वपूर्ण पुनर्गठनों में से एक है।

आधिकारिक घोषणा के अनुसार यह पुनर्गठन इसलिए किया गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि हर राजस्व गांव एक ही तहसील से जुड़ा हो और हर तहसील एक ही ज़िले के अंतर्गत आए, जिससे पहले मौजूद प्रशासनिक और अधिकार-क्षेत्र संबंधी ओवरलैप (दोहराव) को खत्म किया जा सके। इस कदम से शासन व्यवस्था सुव्यवस्थित होने कार्यक्षमता बढ़ने और सरकारी सेवाओं को ज़्यादा सुलभ बनाने की उम्मीद है। नए प्रशासनिक ढांचे के तहत लेह ज़िले में पांच तहसीलें, करगिल में सात, चांगथांग में चार, नुब्रा में छह ज़ंस्कार में चार शाम में पांच और द्रास में एक तहसील होगी।

उपराज्यपाल ने कहा कि यह विज़न 2019 में इस क्षेत्र को केंद्र-शासित प्रदेश का दर्जा मिलने के बाद तैयार किया गया था। उपराज्यपाल ने कहा कि मज़बूत प्रशासनिक ढांचे से जन-सेवाएं बेहतर होंगी, विकास कार्यक्रमों को तेज़ी से लागू करने में मदद मिलेगी और यह सुनिश्चित होगा कि नागरिकों, खासकर दूर-दराज़ और सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों को सरकारी सेवाओं तक आसान और बेहतर पहुंच मिल सके। इस फैसले से प्रशासनिक दक्षता में सुधार होगा, स्थानीय शासन मजबूत होगा और शासन को लोगों के करीब लाकर पूरे लद्दाख में सामाजिक-आर्थिक विकास में तेजी आएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता