श्रीनगर में स्मार्ट मीटर लगाते समय करंट लगने और गिरने से मजदूर की मौत
| Jul 17, 2026, 12:55 IST
श्रीनगर, 17 जुलाई (हि.स.)। शुक्रवार को श्रीनगर के खिंबर-ज़कुरा इलाके में स्मार्ट बिजली मीटर लगाते समय गलती से हाई-टेंशन बिजली लाइन के संपर्क में आने से 18 वर्षीय एक मजदूर की मौत हो गई।
एक अधिकारी ने बताया कि स्मार्ट मीटर लगाते समय मजदूर के हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आने से बिजली का झटका लगा। इसके बाद वह बिजली के खंभे से नीचे गिर गया जिससे उसे कई चोटें आईं। उसे बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान मुर्तज़ा खटाना (18) के रूप में हुई है जो उरी के गारकूट का रहने वाला अब्दुल रशीद खटाना का बेटा था।
इस बीच पुलिस ने घटना का संज्ञान लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

