home page

कई हफ्तों से लापता 28 वर्षीय मजदूर का शव पंजाब से उसके पैतृक गांव पहुंचा, परिवार ने हत्या का लगाया आरोप

 | 

अनंतनाग, 19 अक्टूबर (हि.स.)। दक्षिण कश्मीर के कोकरनाग में सोमवार को शोक और आक्रोश का माहौल तब छा गया जब कई हफ्तों से लापता 28 वर्षीय मजदूर का शव पंजाब से उसके पैतृक गांव पहुंचा। परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी, विलाप किया और न्याय की मांग करते हुए सीना पीटा। शोक संतप्त परिवार ने बताया कि दार पहले काम की तलाश में श्रीनगर गया था, फिर रोजगार की तलाश में पंजाब के लुधियाना चला गया। परिवार के एक सदस्य ने कहा कि हम लगभग एक सप्ताह तक नियमित रूप से फोन पर उसके संपर्क में रहे जिसके बाद उसका फोन बंद हो गया और उससे संपर्क नहीं हो सका।

उन्होंने बताया कि 17 अक्टूबर को परिवार और स्थानीय लोगों ने हलपोरा में दार के लापता होने पर चिंता जताते हुए और उन्हें ढूंढने के लिए तत्काल प्रयास करने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सोमवार सुबह जब उनका शव गांव पहुंचा तो परिवार के सदस्यों और स्थानीय लोगों ने कोकरनाग पुलिस स्टेशन के बाहर एक और विरोध प्रदर्शन किया जिसमें दार की हत्या का आरोप लगाया गया और दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई।

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि कोकरनाग के गदूल जिले के हलपोरा, दरपोरा निवासी अब्दुल मजीद दार के पुत्र एजाज अहमद दार के लापता होने की रिपोर्ट 26 सितंबर को दर्ज की गई थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया था कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और इसे तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाया जाएगा। आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारी तितर-बितर हो गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता