home page

केवीएस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

 | 
केवीएस क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम


जम्मू, 24 जून (हि.स.)। केंद्रीय विद्यालय संगठन (केवीएस) की 54वीं क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता (बालिका वर्ग) 2026 का बुधवार को उत्साह और खेल भावना के साथ समापन हो गया। प्रतियोगिता का शुभारंभ 23 जून को जम्मू क्षेत्र के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों में हुआ था। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 जम्मू में अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की तैराकी, डाइविंग, मुक्केबाजी, स्केटिंग, तीरंदाजी और शूटिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जम्मू क्षेत्र के विभिन्न केंद्रीय विद्यालयों की छात्राओं ने अपने एस्कॉर्ट्स के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।

दो दिनों तक चली प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रतिभा, अनुशासन, समर्पण और टीम भावना का प्रदर्शन किया। सभी खेल स्पर्धाओं के सफल आयोजन के साथ क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम का संचालन और आयोजन पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नंबर-1 जम्मू के प्राचार्य आकाश गुप्ता के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। आयोजकों ने प्रतियोगिता को खिलाड़ियों के सर्वांगीण विकास और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा