home page

किसान कांग्रेस की बैठक, सिंचाई, सड़क, बिजली, मुआवजे और बाजार सुविधा मजबूत करने की उठाई मांग

 | 
किसान कांग्रेस की बैठक, सिंचाई, सड़क, बिजली, मुआवजे और बाजार सुविधा मजबूत करने की उठाई मांग


जम्मू, 06 अक्टूबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) किसान कांग्रेस के चेयरमैन भारत प्रिये ने सांगलदान में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसान कांग्रेस के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर किसानों, ग्रामीणों और आम लोगों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि किसान कांग्रेस किसानों और कृषि मजदूरों की समस्याओं को प्रशासन एवं सरकार तक पहुंचाने के लिए सक्रिय मंच के रूप में काम करती रहेगी। उन्होंने पहाड़ी क्षेत्रों में सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, ग्रामीण सड़कों और खेतों को बाजार से जोड़ने वाली व्यवस्था में सुधार, समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज-खाद उपलब्ध कराने तथा प्राकृतिक आपदा से फसलों, पशुधन और कृषि संपत्तियों को हुए नुकसान का उचित मुआवजा देने की मांग की।

भारत प्रिये ने कहा कि रामबन के पहाड़ी और दूरदराज क्षेत्रों के किसानों की परिस्थितियां मैदानी इलाकों से अलग हैं इसलिए क्षेत्र विशेष की जरूरतों के अनुरूप नीतियां बनाई जानी चाहिए। उन्होंने छोटे एवं सीमांत किसानों, बागवानों और पशुपालक परिवारों की समस्याओं का उल्लेख करते हुए कृषि लागत कम करने, बेहतर विपणन व्यवस्था और किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और इंटरनेट सुविधाओं को मजबूत करने की जरूरत भी बताई। उन्होंने कहा कि विकास परियोजनाओं से प्रभावित किसानों और जमीन मालिकों को उचित मुआवजा, पुनर्वास और अपनी शिकायत रखने का अवसर मिलना चाहिए।

बैठक के दौरान भारत प्रिये ने सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार गुलजार अहमद भट को किसान कांग्रेस रामबन का जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाने की घोषणा की। उन्होंने उम्मीद जताई कि भट अपने प्रशासनिक अनुभव और जमीनी समझ के माध्यम से संगठन को मजबूत करेंगे। गुलजार अहमद भट ने जिम्मेदारी के लिए नेतृत्व का आभार जताते हुए किसानों की समस्याओं को लोकतांत्रिक और संवैधानिक तरीके से उठाने का भरोसा दिलाया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा