दौड़ा कठुआ गूंजा नशामुक्ति का संदेश 600 से अधिक प्रतिभागियों ने लिया रन-2026 में हिस्सा
कठुआ, 04 अक्टूबर (हि.स.)। नशा मुक्त जम्मू-कश्मीर अभियान के तहत जिला प्रशासन कठुआ और टीएसपी टीम के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को कठुआ रन २०२६ का आयोजन किया गया।
जिले में पहली बार आयोजित इस बहु-श्रेणी दौड़ में 3, 5 और 10 किलोमीटर की विभिन्न श्रेणियां रखी गईं जिसमें 600 से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया। बड़ी संख्या में फिटनेस प्रेमियों ने भी सुबह-सवेरे पहुंचकर दौड़ में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
दौड़ में बच्चों से लेकर युवाओं, महिलाओं, वयस्कों, वरिष्ठ नागरिकों और पूर्व सैनिकों तक ने हिस्सा लेकर स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।
आयोजन का उद्देश्य लोगों को फिटनेस, स्वस्थ जीवन और खेल गतिविधियों से जोड़ने के साथ युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देना रहा। कठुआ रन में 3 किलोमीटर दौड़ में 10 वर्ष से कम आयु के सब-जूनियर, 10 से 14 वर्ष के जूनियर, 15 से 18 वर्ष से कम आयु के युवाओं तथा 18 वर्ष से अधिक आयु के पुरुषों और महिलाओं के लिए फन रन आयोजित की गई। वहीं ५ किलोमीटर दौड़ में अंडर-14, 14-17, 18-39, 40-49 वर्ष के मास्टर्स, 50-59 वर्ष के वेटरन्स तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों की श्रेणियां शामिल रहीं।
10 किलोमीटर दौड़ में 18-30 वर्ष, 31-40 वर्ष मास्टर्स, 41-50 वर्ष वेटरन्स, 51-59 वर्ष ग्रैंड वेटरन्स तथा 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों ने भाग लिया।
उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा एसएसपी कठुआ मोहित शर्मा, एडीसी महिमा मदन, एसीआर विश्व प्रताव सिंह, सीपीओ रंजीत ठाकुर सहित जिला प्रशासन के अधिकारियों, खिलाड़ियों, बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने भी दौड़ में हिस्सा लेकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर उपायुक्त राजेश शर्मा ने कहा कि कठुआ रन का उद्देश्य हर आयु वर्ग के लोगों को स्वस्थ आदतें अपनाने और नियमित शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने कहा कि दौड़ शारीरिक फिटनेस के साथ मानसिक स्वास्थ्य और सकारात्मक सोच को भी बढ़ावा देती है। उन्होंने युवाओं से खेल, व्यायाम और अन्य आउटडोर गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
एसएसपी मोहिता शर्मा ने जिला प्रशासन और टीएसपी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि विभिन्न आयु वर्गों के लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी फिटनेस और स्वस्थ जीवन के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशामुक्त जम्मू-कश्मीर के संदेश को मजबूत करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

