home page

शहीद को सलाम-अब शहीद कैप्टन सुनील कुमार चाैधरी के नाम से जाना जाएगा कठुआ रेलवे स्टेशन, भाजपा नेताओं ने जताया आभार

 | 
शहीद को सलाम-अब शहीद कैप्टन सुनील कुमार चाैधरी के नाम से जाना जाएगा कठुआ रेलवे स्टेशन, भाजपा नेताओं ने जताया आभार


कठुआ, 18 जुलाई (हि.स.)। कठुआ रेलवे स्टेशन का नाम आधिकारिक तौर पर बदलकर अब “शहीद कैप्टन सुनील कुमार चाैधरी कठुआ” कर दिया गया है। इस संबंध में उत्तरी रेलवे द्वारा आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है जिसके अनुसार स्टेशन का नया अल्फा कोड एमएसकेटी निर्धारित किया गया है और यह परिवर्तन तत्काल प्रभाव से लागू होगा।

जारी सर्कुलर के अनुसार पहले कठुआ केटीएचयू के नाम से जाने जाने वाले स्टेशन को अब शहीद कैप्टन सुनील कुमार चाैधरी के नाम से जाना जाएगा। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि स्टेशन से संबंधित अन्य विवरण यथावत रहेंगे केवल नाम और कोड में बदलाव किया गया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय पर शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान शहीद कैप्टन सुनील चाैधरी के अभिभावकों तथा भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह का आभार व्यक्त किया।

युवा नेता राजेश मेहता ने अपने संबोधन में बताया कि बीते कई वर्षों से कठुआ रेलवे स्टेशन का नाम शहीद कैप्टन सुनील चाैधरी के नाम पर रखने की मांग उठ रही थी। इस दौरान विभिन्न स्तरों पर प्रक्रिया, सर्वे और औपचारिकताएं पूरी की गईं। कुछ आपत्तियों और चर्चाओं के बाद रेलवे मंत्रालय द्वारा मामले की समीक्षा की गई जिसके उपरांत अब यह निर्णय आधिकारिक रूप से लागू कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह न केवल कठुआ जिले बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है कि एक वीर शहीद के नाम पर रेलवे स्टेशन का नामकरण किया गया है। इससे आने वाली पीढ़ियों को देशभक्ति और बलिदान की प्रेरणा मिलेगी।

स्थानीय लोगों ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे शहीद के सम्मान में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया