नशे के सौदागर पर कठुआ पुलिस की सर्जिकल स्ट्राइक 7 करोड़ की संपत्ति जब्त
कठुआ, 21 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर पुलिस कठुआ ने नशा तस्करी के खिलाफ अपने अभियान को और तेज करते हुए एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने पिट-एनडीपीएस एक्ट के तहत एक कुख्यात नशा तस्कर की करीब 7 करोड़ की अवैध संपत्ति को जब्त कर लिया है जिससे नशा माफिया में हड़कंप मच गया है।
यह कार्रवाई हरपाल सिंह उर्फ बलोची निवासी वार्ड नंबर 13 तहसील एवं जिला कठुआ के खिलाफ की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी की 06 कनाल 18 मरला भूमि तथा एक बेसमेंट सहित एक मंजिला मकान को अटैच किया गया है जो चक शेखा क्षेत्र में स्थित है। जांच के दौरान यह सामने आया कि उक्त संपत्ति नशीले पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध कमाई से खरीदी गई थी। इसी आधार पर एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 68-ई और 68-एफ के तहत कार्रवाई करते हुए संपत्ति को जब्त किया गया।
यह पूरी कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के निर्देशन में एडिशनल एसपी, डीएसपी मुख्यालय और एसएचओ कठुआ की मौजूदगी में की गई। मौके पर नायब तहसीलदार और संबंधित पटवारी भी उपस्थित रहे जिन्होंने कानूनी प्रक्रिया को पूरा करवाया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी हरपाल सिंह पहले भी कठुआ जिले में एनडीपीएस एक्ट के तहत 4 मामलों में शामिल रह चुका है जिनमें वर्ष 2003, 2007, 2020 और 2025 के मामले शामिल हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

