home page

तरुण चुग से मिले कठुआ विधायक-लखनपुर फूड प्रोजेक्ट पर केंद्र सरकार की जमकर सराहना

 | 
तरुण चुग से मिले कठुआ विधायक-लखनपुर फूड प्रोजेक्ट पर केंद्र सरकार की जमकर सराहना


कठुआ, 12 जुलाई (हि.स.)। कठुआ के विधायक डॉ. भारत भूषण ने रविवार को नई दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद तरुण चुग से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान विधायक ने उन्हें मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित होने पर बधाई दी और कठुआ विधानसभा क्षेत्र में हुए विकास कार्यों पर आधारित एक पुस्तक भी भेंट की।

तरुण चुग ने इस पहल की सराहना करते हुए विधायक को सलाह दी कि ऐसे प्रकाशनों को नियमित अंतराल पर जारी किया जाए ताकि आम जनता को क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी मिलती रहे।

इस अवसर पर विधायक डॉ. भारत भूषण ने केंद्र सरकार द्वारा लखनपुर को देश के 50 शहरों में स्ट्रीट फूड हब के रूप में विकसित करने के निर्णय का जोरदार स्वागत किया। उन्होंने इस महत्वपूर्ण फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। विधायक ने कहा कि लखनपुर पठानकोट-कठुआ-जम्मू मार्ग पर जम्मू-कश्मीर का प्रवेश द्वार है जहां हर वर्ष लाखों पर्यटक, श्रद्धालु और यात्री गुजरते हैं। ऐसे में यह योजना लखनपुर को एक प्रमुख हाईवे स्टॉपओवर के रूप में और अधिक लोकप्रिय बनाएगी। उन्होंने बताया कि यह पहल केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय तथा वित्तीय सेवाएं विभाग द्वारा पीएम-स्वनिधि योजना के तहत संयुक्त रूप से चलाई जा रही है, जिससे स्थानीय कारोबार को बढ़ावा मिलेगा। डॉ. भारत भूषण ने यह भी उल्लेख किया कि उन्होंने पिछले विधानसभा सत्र में लखनपुर के पारंपरिक पल्ले वाले ढाबा संचालकों के लिए सॉफ्ट लोन और ढांचागत सुधार की नीति बनाने की मांग उठाई थी लेकिन जम्मू-कश्मीर सरकार ने इस संबंध में किसी योजना के अभाव की बात कही थी। ऐसे में केंद्र सरकार का यह निर्णय स्वागत योग्य है जो न केवल स्थानीय खानपान संस्कृति को बढ़ावा देगा बल्कि लखनपुर के खाद्य विक्रेताओं के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी सुनिश्चित करेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया