home page

गांव बिज्जत में जनता दरबार-कठुआ विधायक ने सुनीं समस्याएं

 | 
गांव बिज्जत में जनता दरबार-कठुआ विधायक ने सुनीं समस्याएं


कठुआ, 28 मई (हि.स.)। कठुआ विधानसभा क्षेत्र के गांव बिज्जत में विधायक डाॅ भारत भूषण ने जनता दरबार लगाकर स्थानीय लोगों से सीधा संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान ग्रामीणों ने क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं की कमी और विकास से जुड़ी कई अहम मांगें विधायक के समक्ष रखीं।

जनता दरबार में लोगों को संबोधित करते हुए विधायक ने समाज के हर वर्ग के कल्याण और क्षेत्र के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा कि कठुआ विधानसभा क्षेत्र का कोई भी इलाका विकास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। खासकर गर्मियों के मौसम में बढ़ते जल संकट को दूर करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। विधायक ने आश्वासन दिया कि ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा और संबंधित विभागों के माध्यम से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। इस मौके पर पीएचई, पीएमजीएसवाई, पीडब्ल्यूडी, जेकेपीडीसी और बीडीओ विभाग के जेई सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे जिन्होंने मौके पर ही कई मुद्दों को नोट किया।

कार्यक्रम में लखनपुर मंडल अध्यक्ष सुमन वाला, पूर्व सरपंच दिलावर सिंह, पूर्व सरपंच उत्तम सिंह, कैप्टन पवन शर्मा, राज सिंह, थरू राम (मखनु), कुलदीप शर्मा, धर्म सिंह सहित गांव के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वे लगातार दूरदराज क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं और विकास कार्यों को गति दे रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया