home page

हरियाली की ओर कदम-कठुआ विधायक डॉ. भारत भूषण ने शुरू किया मेगा पौधारोपण अभियान

 | 
हरियाली की ओर कदम-कठुआ विधायक डॉ. भारत भूषण ने शुरू किया मेगा पौधारोपण अभियान


कठुआ, 17 जुलाई (हि.स.)। वन महोत्सव-2026 के तहत कठुआ में हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण ने शुक्रवार को भव्य पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। यह अभियान रेडियो स्टेशन रोड स्थित कठुआ नहर के किनारे नीम का पौधा लगाकर शुरू किया गया।

इस अवसर पर सोशल फॉरेस्ट्री डिवीजन कठुआ की डीएफओ हिताशी शर्मा, मॉर्निंग वॉकर ट्रस्ट के सदस्य, शहर के गणमान्य नागरिक और पार्टी कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे और पौधारोपण में सक्रिय भागीदारी निभाई। विधायक डॉ. भारत भूषण ने बताया कि इस अभियान के तहत आंवला, अर्जुन, जामुन और बेल के कुल 101 पौधे लगाए गए। उन्होंने कहा कि यह पौधारोपण एक पेड़ मां के नाम और एक पेड़ शहीदों के नाम जैसे प्रेरणादायक अभियानों को समर्पित है जो समाज में पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावनात्मक जुड़ाव भी स्थापित करता है। उन्होंने आगे बताया कि पौधों और ट्री गार्ड के लिए आवश्यक धनराशि उनके द्वारा विधायक निधि से उपलब्ध करवाई गई है ताकि कठुआ का हरित क्षेत्र बढ़ाया जा सके और ग्रीन कठुआ क्लीन कठुआ के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

इस मौके पर प्रो. राम मूर्ति शर्मा, गुर परशाद खजूरिया, कमल शर्मा, ललित अग्रवाल, राजिंदर गुप्ता, अशोक शर्मा, उपदेश अंडोत्रा, प्रेम नाथ डोगरा, राहुल देव, इंदु रेखा, नागेश कुमार, विनोद कुमार, देव राज, रविंदर पठानिया, शिंगारा सिंह, राजिंदर सिंह बंटी, करण सिंह, अशोक जसरोटिया, शशि पाल शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने पौधारोपण किया। विधायक ने कहा कि बरसात के मौसम में ऐसे और भी पौधारोपण अभियान आम नागरिकों के सहयोग से आयोजित किए जाएंगे, ताकि पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का रूप दिया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया