गोपाष्टमी पर मूवमेंट कल्कि ने किया गौ माता का पूजन, राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने के लिए लिया सामूहिक संकल्प
जम्मू,, 17 नवंबर (हि.स.)।
गोपाष्टमी के पावन अवसर पर मूवमेंट कल्कि की ओर से महर्षि दयानंद गौशाला, बरनाई में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर गौ माता की विधिवत पूजा-अर्चना की गई तथा आर्य समाज की ओर से हवन-यज्ञ करवाया गया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने गाय माता को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा दिलाने के लिए सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में योग गुरु विजय कृष्ण जी महाराज (सलाहकार, मूवमेंट कल्कि), भाजपा युवा अध्यक्ष अरुण प्रभात, साध्वी आराधना गोपाल (जम्मू संयोजक, गौ सम्मान आह्वान अभियान), प्रीतम शर्मा (सलाहकार, मूवमेंट कल्कि) तथा मूवमेंट कल्कि के संस्थापक दीपक सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त मूवमेंट कल्कि के वरिष्ठ सदस्यों में डॉ. सुशील भोला, डॉ. सुधेश कुमार, राजदेव, राज कुमार, बलबीर सिंह, मानव शर्मा, सपना हिंदू तथा पर्यावरण संयोजक अनिल अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में गौभक्त मौजूद रहे।
सुवंश महाजन और उनकी टीम के प्रयासों ने बढ़ाई कार्यक्रम की शोभा
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुवंश महाजन और उनकी छोटी-सी टीम का विशेष योगदान रहा। उनके सार्थक प्रयासों, समर्पण और गौ भक्ति को देखकर उपस्थित लोगों का मन प्रफुल्लित हो उठा। उनकी टीम ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहयोग दिया।
इस अवसर पर सुवंश महाजन ने बताया कि जब वे महर्षि दयानंद गौशाला, बरनाई पहुंचे तो उनके चाचा चंदन दत्त ने उनका परिचय इस गौशाला और सेवा कार्य से करवाया। चंदन दत्त एक सामाजिक कार्यकर्ता हैं और वर्तमान में भारत रक्षा मंच से जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया कि अपने चाचा की प्रेरणा से उन्होंने मूवमेंट कल्कि के साथ मिलकर एक छोटा-सा प्रयास किया, जिसे लोगों का अच्छा सहयोग और समर्थन मिला।
सुवंश महाजन ने कहा कि यदि अधिक से अधिक लोग गौ माता की सेवा और भक्ति से जुड़ेंगे तो निश्चित रूप से गौशालाओं का विस्तार होगा। लोगों के सहयोग और समर्पण से यह गौशाला भी आने वाले समय में और बड़ी एवं व्यवस्थित बन सकती है।
गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाना आज की आवश्यकता – योग गुरु विजय कृष्ण जी महाराज
योग गुरु विजय कृष्ण जी महाराज ने कहा कि गौ माता को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाना आज के समय की अत्यंत आवश्यकता है। भगवान श्रीकृष्ण ने गोपाष्टमी के पावन अवसर पर गौ सेवा और गौ पालन की परंपरा को विशेष महत्व दिया था। इससे सनातन संस्कृति में गौ माता के महत्व और उनके संरक्षण का संदेश मिलता है।
उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद स्थिति है कि एक ओर हम गौ माता की पूजा करते हैं, वहीं दूसरी ओर समाज में गौ माता के साथ क्रूरता और गौ हत्या जैसी घटनाएं भी सामने आती हैं। उन्होंने समाज से आह्वान किया कि गौ माता के सम्मान, सुरक्षा और संरक्षण के लिए सभी को एकजुट होकर आगे आना होगा।
गौ माता की दुर्दशा बेहद दुखद – अरुण प्रभात
भाजपा युवा अध्यक्ष अरुण प्रभात ने कहा कि आज गौ माता की जो दुर्दशा हो रही है, वह अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। यदि आज भी समाज ने गौ संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी नहीं समझी तो आने वाली पीढ़ियों के लिए सनातन संस्कृति की परंपराओं को सुरक्षित रखना चुनौतीपूर्ण हो जाएगा। उन्होंने सभी से गौ सेवा और संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की।
साध्वी आराधना गोपाल ने दिया गौ सेवा का संदेश
कार्यक्रम में गौ सम्मान आह्वान अभियान की जम्मू संयोजक साध्वी आराधना गोपाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने अपनी ओजस्वी वाणी और विचारों के माध्यम से कार्यक्रम को आध्यात्मिक एवं भावपूर्ण स्वरूप प्रदान किया। उन्होंने गौ माता के प्रति श्रद्धा, सेवा और समर्पण के भाव को समाज में मजबूत करने का संदेश दिया।
दीपक सिंह ने गौशाला प्रमुख अरुण आर्य और उनकी टीम का किया विशेष आभार व्यक्त
मूवमेंट कल्कि के संस्थापक दीपक सिंह ने महर्षि दयानंद गौशाला के प्रमुख अरुण आर्य जी और उनकी पूरी टीम का विशेष रूप से धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि एक छोटे से कार्यक्रम के पीछे गौशाला के निर्माण, उसकी व्यवस्था और गौ माता की निरंतर सेवा के लिए किए गए अथक प्रयास आज इस सुंदर गौशाला के रूप में देखने को मिलते हैं।
उन्होंने कहा कि अरुण आर्य जी और उनकी टीम के प्रयासों ने लोगों के भीतर गौ माता के प्रति भक्ति और सेवा का भाव जागृत किया है। आज के कार्यक्रम में आर्य समाज की ओर से जिस श्रद्धा और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना एवं हवन-यज्ञ करवाया गया, उसने पूरे वातावरण को पवित्र और आध्यात्मिक बना दिया।
दीपक सिंह ने कहा कि हवन-यज्ञ के माध्यम से समाज को यह संदेश दिया गया कि जब हमारे संकल्प शुद्ध और पवित्र होते हैं, तो कोई भी आसुरी शक्ति हमें अपने उद्देश्य से विचलित नहीं कर सकती। उन्होंने आर्य समाज की पूरी टीम के समर्पण और सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर गौशाला प्रमुख अरुण आर्य जी ने कहा कि सभी लोगों को मिलजुलकर गौ माता की भक्ति और सेवा करनी चाहिए। गौशाला को और अधिक बढ़ावा देने की आवश्यकता है तथा अधिक से अधिक लोगों को यहां आकर गौ माता की सेवा में अपना योगदान देना चाहिए। उन्होंने समाज से गौशाला के विकास और संरक्षण के लिए सामूहिक सहयोग की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में गाय माता को 'राष्ट्रमाता' का दर्जा दिलाने, गौ संरक्षण को बढ़ावा देने तथा अधिक से अधिक लोगों को गौ सेवा से जोड़ने का संकल्प लिया।
अंत में मूवमेंट कल्कि के संस्थापक दीपक सिंह ने सभी अतिथियों, सुवंश महाजन एवं उनकी टीम, अरुण आर्य जी एवं आर्य समाज की टीम, गौसेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और कार्यक्रम में पहुंचे सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गौ माता के सम्मान और संरक्षण का अभियान निरंतर जारी रहेगा तथा समाज के सहयोग से इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

