home page

7 दिसंबर को होगा कैलख रत्न पुरस्कार समारोह, कृषि विभाग लगाएगा पांच प्रदर्शनी स्टॉल

 | 
7 दिसंबर को होगा कैलख रत्न पुरस्कार समारोह, कृषि विभाग लगाएगा पांच प्रदर्शनी स्टॉल


जम्मू, 25 नवंबर (हि.स.)। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट की ओर से 7 दिसंबर को जम्मू में वार्षिक ‘कैलख रत्न पुरस्कार सम्मान समारोह’ एवं स्थापना दिवस आयोजित किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों को लेकर ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत रोहित शास्त्री ने निदेशक कृषि जम्मू अनिल गुप्ता से भेंट की। इस दौरान उन्होंने कृषि विभाग से समारोह में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने और विभाग की ओर से पांच प्रदर्शनी स्टॉल लगाने का आग्रह किया।

महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि समारोह दोपहर एक बजे मिश्रीवाला स्थित मैजेस्टिक ग्रैंड रिजॉर्ट में होगा। इस वर्ष का ‘कैलख रत्न पुरस्कार-2026’ श्री रामजन्मभूमि मंदिर न्यास, अयोध्या के न्यासी एवं उडुपि स्थित पेजावर मठ के पीठाध्यक्ष परमपूज्य विश्वप्रसन्नतीर्थ स्वामीजी महाराज को प्रदान किया जाएगा। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। प्रस्तावित प्रदर्शनी स्टॉलों में आधुनिक कृषि तकनीक, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, बागवानी, कृषि नवाचारों और किसानों के लिए संचालित सरकारी योजनाओं को प्रदर्शित करने का सुझाव दिया गया। अनिल गुप्ता ने ट्रस्ट के प्रयासों की सराहना करते हुए विभाग की सहभागिता को लेकर सकारात्मक चर्चा की। महंत रोहित शास्त्री ने उन्हें समारोह में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा