home page

जम्मू में 15 मई को मनाई जाएगी ज्येष्ठ संक्रांति

 | 
जम्मू में 15 मई को मनाई जाएगी ज्येष्ठ संक्रांति


जम्मू, 14 मई (हि.स.)। ज्येष्ठ संक्रांति इस वर्ष 15 मई 2026, शुक्रवार को श्रद्धा और धार्मिक आस्था के साथ मनाई जाएगी। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के अध्यक्ष ज्योतिषाचार्य महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि इस दिन सुबह 6 बजकर 21 मिनट पर सूर्य देव वृष राशि में प्रवेश करेंगे जिसे वृष संक्रांति कहा जाता है। इसी के साथ ज्येष्ठ माह का शुभारंभ भी होगा। उन्होंने बताया कि संक्रांति का पुण्यकाल दोपहर 12 बजकर 45 मिनट तक रहेगा। इस दौरान पवित्र नदियों और सरोवरों में स्नान तथा दान-पुण्य का विशेष महत्व माना गया है। श्रद्धालु स्नान के बाद गुड़, तिल, जल से भरा घड़ा, पंखा, वस्त्र और फल आदि का दान करेंगे।

महंत रोहित शास्त्री के अनुसार यदि किसी कारणवश पवित्र नदी में स्नान संभव न हो तो घर में गंगाजल मिलाकर स्नान करना भी पुण्यदायी माना गया है। उन्होंने लोगों से जरूरतमंदों की सहायता करने और सात्त्विक भोजन ग्रहण करने की अपील की। उन्होंने बताया कि इस बार ज्येष्ठ संक्रांति मेष, मिथुन, कर्क, वृश्चिक, धनु और मकर राशि वालों के लिए शुभ मानी जा रही है। वहीं इस दिन मासिक शिवरात्रि व्रत भी रहेगा, जिसके चलते मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना आयोजित की जाएगी। महंत रोहित शास्त्री ने कहा कि संक्रांति के दिन शराब, नशा और तामसिक वस्तुओं से दूर रहना चाहिए तथा सूर्य देव, भगवान शिव और अपने इष्टदेव की पूजा करनी चाहिए। उन्होंने बताया कि राशि अनुसार दान करने से विशेष पुण्य फल प्राप्त होता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा