कॉमरेड तारकेश्वर चक्रवर्ती की 101वीं जयंती मनाई गई
जम्मू,, 31 मई (हि.स.)।
जम्मू प्रोविंस बैंक एम्प्लॉइज फेडरेशन द्वारा पूर्व महासचिव एवं ऑल इंडिया बैंक एम्प्लॉइज एसोसिएशन के वरिष्ठ नेता कॉमरेड तारकेश्वर चक्रवर्ती की 101वीं जयंती के अवसर पर एक सामाजिक पहचान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
यह कार्यक्रम रूप नगर स्थित दृष्टिबाधित बालक आवासीय विद्यालय,फायर ब्रिगेड के निकट जम्मू में बड़े उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान विद्यालय के बच्चों के लिए मिक्सर ग्राइंडर, भोजन, जलपान एवं दैनिक उपयोग की सामग्री भेंट की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कामरेड तारा सिंह ने की। इस अवसर पर कामरेड अरूण गुप्ता ने कहा कि संगठन द्वारा सामाजिक दायित्व के तहत इस प्रकार के कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाते हैं। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी बालगृह चन्नी रामा, मस्कान होम, बालिका निकेतन एवं वेद मंदिर अम्फाला सहित कई संस्थानों में ऐसे कार्यक्रम किए जा चुके हैं।
कार्यक्रम में अनिरूद्ध भानू खजूरिया सहित संगठन के अनेक पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाग लिया। अंत में कामरेड अवतार सिंह द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया। विद्यालय प्रशासन ने जेपीबीईएफ नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के प्रयास समाज के अन्य संगठनों के लिए प्रेरणास्रोत हैं और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों की आवश्यकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

