रेलवे लाइन के पास संयुक्त मॉक ड्रिल, आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखा
कठुआ, 11 सितंबर (हि.स.)। रेलवे सुरक्षा एवं आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार को कठुआ के कठेरा क्षेत्र में रेलवे लाइन से सटी खड्ड में जीआरपी कठुआ की ओर से संयुक्त मॉक ड्रिल आयोजित की गई। इसमें सेना, एसडीआरएफ, सीआरपीएफ, पुलिस और डॉग स्क्वाड सहित विभिन्न सुरक्षा एवं राहत एजेंसियों ने भाग लिया।
मॉक ड्रिल के दौरान रेलवे लाइन के आसपास किसी भी तरह की आपात अथवा सुरक्षा संबंधी स्थिति उत्पन्न होने पर विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय, त्वरित कार्रवाई और बचाव कार्यों की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया। सुरक्षा बलों ने संभावित बम मिलने, आतंकवादी हमले जैसी परिस्थितियों से निपटने तथा क्षेत्र को सुरक्षित बनाने के लिए अपनाई जाने वाली कार्रवाई का भी अभ्यास किया। जीआरपी कठुआ के एसएचओ अमित सिंह अंडोत्रा ने बताया कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल एक नियमित प्रक्रिया का हिस्सा है। समय-समय पर सभी संबंधित एजेंसियां संयुक्त रूप से अभ्यास करती हैं ताकि रेलवे लाइन के पास किसी भी अप्रत्याशित स्थिति के उत्पन्न होने पर सभी सुरक्षा एवं राहत एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई कर सकें। उन्होंने कहा कि इस तरह के अभ्यास का उद्देश्य सुरक्षा बलों और अन्य एजेंसियों को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर समय तैयार रखना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

