home page

पुराने डंपिंग साइट पर लगाए गए 2,200 से अधिक पौधे

 | 

जम्मू,, 02 सितंबर (हि.स.)।

जम्मू नगर निगम ने अर्बन फॉरेस्ट्री डिवीजन जम्मू के सहयोग से भगवती नगर स्थित टावी वंडरलैंड पार्क के पीछे बॉटनिकल गार्डन में बड़े स्तर पर मियावाकी पौधारोपण अभियान शुरू किया। कभी लीगेसी वेस्ट डंपिंग साइट रहे इस क्षेत्र को जम्मू नगर निगम ने वैज्ञानिक तरीके से कचरा हटाकर पुनः विकसित किया है। अभियान के तहत पीपल, बरगद, गुड़हल, अशोक सहित देशी और सजावटी प्रजातियों के 2,200 से अधिक पौधे लगाए गए। यह पौधारोपण नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम के तहत मियावाकी पद्धति से किया जा रहा है जिसका उद्देश्य कम जगह में घना और बहुस्तरीय शहरी वन तैयार करना है। जेएमसी आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने कहा कि भगवती नगर क्षेत्र को एक टिकाऊ शहरी इको-स्पेस के रूप में विकसित किया जा रहा है। वर्ष के अंत तक यहां जल निकाय, वॉकिंग ट्रैक, हरित क्षेत्र और मनोरंजन सुविधाएं विकसित करने की योजना है। अभियान में नगर निगम और वन विभाग के अधिकारियों के साथ स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों व स्वयंसेवकों ने भी भाग लिया। जेएमसी के अनुसार यह परियोजना प्रदूषण और बढ़ते तापमान से निपटने के साथ शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने और पुराने कचरा स्थल को उपयोगी सार्वजनिक एवं पर्यावरणीय संपत्ति में बदलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता