home page

अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे जेएमसी आयुक्त, पुरानी मंडी स्थित श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं की समीक्षा की

 | 
अमरनाथ यात्रा की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे जेएमसी आयुक्त, पुरानी मंडी स्थित श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं की समीक्षा की


जम्मू, 24 जून (हि.स.)। जम्मू नगर निगम के आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने बुधवार को वार्षिक श्री अमरनाथ जी यात्रा के मद्देनजर पुरानी मंडी स्थित श्रीराम मंदिर में श्रद्धालुओं और साधु-संतों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने मंदिर परिसर में आवास, स्वच्छता, भोजन, पेयजल, शौचालय एवं स्नानघर, बिजली आपूर्ति तथा चिकित्सा सुविधाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी की जाएं और उनकी गुणवत्ता उच्च स्तर की हो। अधिकारियों ने आयुक्त को मंदिर परिसर में लिफ्ट स्थापना के चल रहे कार्यों की भी जानकारी दी। बताया गया कि यह परियोजना अगले वर्ष तक पूरी होने की उम्मीद है जिससे बुजुर्ग श्रद्धालुओं और दिव्यांगजन को बेहतर सुविधा मिलेगी।

डॉ. देवांश यादव ने निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ आवास, गुणवत्तापूर्ण भोजन, सुरक्षित पेयजल, पर्याप्त बिस्तर और बेहतर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि यात्रा अवधि के दौरान चौबीसों घंटे सफाई और सभी आवश्यक सेवाएं सुचारु रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए। उन्होंने सभी विभागों और संबंधित एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर देते हुए कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुविधाजनक और सुखद यात्रा अनुभव प्रदान करना प्रशासन की प्राथमिकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा