home page

जेएमसी आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने शहर में फायर सेफ्टी नियमों की समीक्षा की

 | 

जम्मू, 16 जुलाई (हि.स.)।

जम्मू नगर निगम (जेएमसी) के आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने शहर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने और फायर सेफ्टी नियमों के अनुपालन की समीक्षा के लिए जेवेल चौक, बक्शी नगर, सुभाष नगर, विवेकानंद चौक तथा आसपास के क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने निजी अस्पतालों, होटलों, रेस्तरां, कपड़ों के शोरूम और अन्य व्यवसायिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर फायर नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (फायर एनओसी) की स्थिति की समीक्षा की।

डॉ. देवांश यादव ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य शहर में जन सुरक्षा को मजबूत करना और अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को आश्वस्त किया कि जम्मू नगर निगम पारदर्शी, सहयोगात्मक और जनहितैषी तरीके से सभी को फायर सेफ्टी नियमों का पालन कराने में पूरा सहयोग देगा।

उन्होंने बताया कि सभी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों को अनिवार्य फायर एनओसी प्राप्त करने और आवश्यक सुरक्षा मानकों को पूरा करने के लिए 30 से 45 दिनों का समय दिया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो प्रतिष्ठान निर्धारित समय के भीतर फायर एनओसी के लिए आवेदन करेंगे और आवश्यक मानकों का पालन करने की प्रक्रिया शुरू करेंगे उनके खिलाफ कोई दंडात्मक कार्रवाई नहीं की जाएगी।

जेएमसी आयुक्त ने कहा कि नगर निगम चैंबर ऑफ कॉमर्स, होटल एसोसिएशन और अन्य व्यापारिक संगठनों के साथ मिलकर शहर में फायर सेफ्टी नियमों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि व्यापारिक समुदाय के सहयोग से किसी भी प्रकार की सख्त कार्रवाई की आवश्यकता नहीं पड़ेगी और यह पहल न केवल कानूनी अनुपालन सुनिश्चित करेगी बल्कि लोगों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा भी करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता