home page

जेएमसी आयुक्त ने सिटी चौक और मल्होत्रा मोहल्ला में अतिक्रमण का निरीक्षण किया

 | 

जम्मू,, 30 मई (हि.स.)।

जम्मू नगर निगम (जेएमसी) के आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने शुक्रवार को वार्ड नंबर-11 के सिटी चौक और मल्होत्रा मोहल्ला क्षेत्र का दौरा कर सड़कों और फुटपाथों पर हो रहे अतिक्रमण की स्थिति का निरीक्षण किया।

यह निरीक्षण स्थानीय निवासियों द्वारा लगातार की जा रही शिकायतों और मांगों के बाद किया गया। दौरे के दौरान आयुक्त ने पाया कि कई दुकानदारों और रेहड़ी-फड़ी विक्रेताओं ने फुटपाथों पर सामान रखकर अतिक्रमण कर लिया है जिससे पैदल चलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

निरीक्षण के दौरान डॉ. यादव ने संबंधित दुकानदारों और विक्रेताओं को तुरंत अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए और कहा कि फुटपाथ आम जनता की सुविधा और सुरक्षा के लिए होते हैं, इन्हें बाधित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए जल्द ही व्यापारियों, स्थानीय विधायक और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। आयुक्त ने कहा कि अतिक्रमण न केवल पैदल यात्रियों के लिए मुश्किलें पैदा करता है बल्कि शहर में यातायात जाम की समस्या को भी बढ़ाता है।

उन्होंने सभी व्यापारियों और नागरिकों से शहर को व्यवस्थित और अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में सहयोग की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता