home page

जेएमसी आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने एआई आधारित गड्ढा मरम्मत कार्यों का किया निरीक्षण

 | 

जम्मू,, 12 जुलाई (हि.स.)।

जम्मू नगर निगम के आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने जम्मू शहर में चल रहे एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आधारित गड्ढा मरम्मत अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आधुनिक मशीनरी और तकनीक के माध्यम से सड़कों की मरम्मत के कार्यों का जायजा लिया।

इस नई व्यवस्था के तहत जेएमसी के वाहनों में एआई कैमरे लगाए गए हैं जो शहर की सड़कों पर मौजूद गड्ढों की स्वतः पहचान करते हैं। इसके बाद उन्नत रोड मेंटेनेंस तकनीक की मदद से इन गड्ढों की समय पर मरम्मत की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार इस पहल का उद्देश्य सड़क सुरक्षा बढ़ाना और मरम्मत कार्यों को अधिक तेज़ एवं प्रभावी बनाना है।

नगर निगम ने यह अभियान विशेष रूप से श्री अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और जम्मू शहर के स्थानीय निवासियों को बेहतर, सुरक्षित और सुगम सड़क सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शुरू किया है। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को मरम्मत कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और सभी प्रमुख मार्गों को समय पर दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता