home page

गांधी नगर में बन रहे आधुनिक फूड जोन का जेएमसी आयुक्त ने किया निरीक्षण, विकसित की जा रही सुविधाओं पर संतोष जताया

 | 

जम्मू,, 19 अगस्त (हि.स.)।

जम्मू नगर निगम के आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने गांधी नगर में विकसित किए जा रहे आधुनिक फूड जोन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नए बनाए गए फूड कार्ट आवंटित किए गए विक्रेताओं से बातचीत कर वहां विकसित की जा रही सुविधाओं का जायजा लिया।

यह पहल जम्मू शहर को आधुनिक बनाने, शहरी बुनियादी ढांचे को बेहतर करने और स्ट्रीट वेंडर्स को स्वच्छ, व्यवस्थित और सम्मानजनक व्यवसायिक माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में जम्मू नगर निगम के प्रयासों का हिस्सा है।

इस स्थान पर पहले जम्मू नगर निगम द्वारा पुराना रेहड़ी जोन विकसित किया गया था जिसे अब आधुनिक फूड जोन में तब्दील किया जा रहा है।

परियोजना के पहले चरण में 22 आधुनिक फूड कार्ट तैयार किए जा चुके हैं जबकि पूरे स्थल पर कुल 120 फूड कार्ट विकसित करने की योजना है।

जम्मू नगर निगम की ओर से यहां पानी की सुविधा, रूफटॉप सुविधाएं, स्ट्रीट लाइटिंग और नियमित सफाई एवं सैनिटेशन व्यवस्था भी विकसित की जा रही है ताकि विक्रेताओं और यहां आने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

फूड कार्ट उन विक्रेताओं को आवंटित किए जाएंगे जो पहले से इस क्षेत्र में कारोबार कर रहे थे और उनके पास वैध लाइसेंस हैं। इसका उद्देश्य उनके मौजूदा कारोबार को बेहतर सुविधाओं के साथ व्यवस्थित करना और क्षेत्र को एक आकर्षक एवं सुव्यवस्थित फूड डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करना है।

निरीक्षण के दौरान डॉ. यादव ने विक्रेताओं से बातचीत कर सुविधाओं की समीक्षा की और स्वच्छता एवं हाइजीन के उच्च मानक बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने विक्रेताओं से फूड जोन की साफ-सफाई की जिम्मेदारी लेने और नागरिकों से भी सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने में जम्मू नगर निगम का सहयोग करने की अपील की।

आयुक्त ने कहा कि पुराने रेहड़ी जोन को आधुनिक फूड जोन में बदलना जम्मू नगर निगम के स्वच्छ, व्यवस्थित, आधुनिक और नागरिक अनुकूल जम्मू के लक्ष्य को दर्शाता है। साथ ही इस पहल के जरिए मौजूदा विक्रेताओं को बेहतर सुविधाएं और व्यवसाय के अधिक व्यवस्थित अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता