8 मार्च को होगी जेकेएसएसबी वाइल्डलाइफ गार्ड परीक्षा, कठुआ में 22 केंद्र बनाए जाएंगे
कठुआ, 03 मार्च (हि.स.)। डीसी कठुआ ने जिला कार्यालय परिसर में बैठक कर आगामी जेकेएसएसबी परीक्षा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड द्वारा वाइल्डलाइफ गार्ड पद के लिए लिखित परीक्षा 8 मार्च को दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक आयोजित की जाएगी।
बैठक में परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए पेयजल, बिजली, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रोटोकॉल और वीडियोग्राफी सहित सभी जरूरी प्रबंधों की विस्तृत समीक्षा की गई। निर्णय लिया गया कि जिले भर में 22 परीक्षा केंद्र स्थापित किए जाएंगे ताकि सभी अभ्यर्थियों को समुचित सुविधा मिल सके। डीसी ने सभी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जेकेएसएसबी के निर्धारित प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को सभी केंद्रों पर सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जेकेएसएसबी के रिसोर्स पर्सन पंकज कुमार ने प्री-एग्जाम और परीक्षा दिवस की प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस बार परीक्षा में पारदर्शिता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बायोमेट्रिक उपस्थिति प्रणाली लागू की जाएगी। बैठक में जीएम डीआईसी, एडीसी, आरटीओ, सीईओ, डीएसपी डीएआर सहित नामित अधीक्षक और पर्यवेक्षक भी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

