जम्मू-कश्मीर के माजिद मागरे बने भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम के कप्तान
जम्मू,, 28 जुलाई (हि.स.)।
भारतीय दिव्यांग क्रिकेट परिषद ने इंग्लैंड के खिलाफ 5 से 19 अगस्त तक खेली जाने वाली मिश्रित दिव्यांगता क्रिकेट श्रृंखला के लिए 16 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। इस टीम की कप्तानी जम्मू-कश्मीर के माजिद मागरे को सौंपी गई है जबकि साई आकाश सैवमणि को उप-कप्तान बनाया गया है।
डीसीसीआई के सचिव रवि कांत चौहान ने कहा कि माजिद मागरे का कप्तान बनना न केवल जम्मू-कश्मीर बल्कि पूरे दिव्यांग क्रिकेट जगत के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने विश्वास जताया कि माजिद का नेतृत्व युवा दिव्यांग खिलाड़ियों को आगे बढ़ने और देश के लिए खेलने की प्रेरणा देगा। वहीं डीसीसीआई के उपाध्यक्ष सुमित जैन ने पूरी टीम और सहयोगी स्टाफ को सफल इंग्लैंड दौरे के लिए शुभकामनाएं दीं और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

