home page

जम्मू-कश्मीर विधानसभा में कांग्रेस-भाजपा विधायकों के बीच हाथापाई

 | 
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में कांग्रेस-भाजपा विधायकों के बीच हाथापाई


जम्मू, 27 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर विधानसभा में शुक्रवार को उस समय जोरदार हंगामा हो गया जब कांग्रेस विधायकों द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की गई। इस दौरान कांग्रेस विधायक इरफान हाफिज लोन और भाजपा विधायक युदवीर सेठी के बीच तीखी बहस के बाद हाथापाई हो गई।

बताया गया कि विवाद तब बढ़ा जब भाजपा विधायक ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की। इसके बाद दोनों पक्षों के विधायकों के बीच माहौल और अधिक तनावपूर्ण हो गया, जिसके चलते विधानसभा की कार्यवाही को कुछ समय के लिए स्थगित करना पड़ा।

इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने कहा कि इस तरह के टकराव से बचना चाहिए और सभी को संयम बनाए रखना चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा सभी मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक बुलाने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि यह एक सकारात्मक कदम है।

उपमुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस बैठक से सार्थक परिणाम निकलेंगे और वर्तमान तनावपूर्ण परिस्थितियों में समाधान का रास्ता खुलेगा। उन्होंने दोहराया कि सभी पक्ष युद्ध जैसी स्थिति को समाप्त होते देखना चाहते हैं।

वहीं भाजपा विधायक सुरजीत सिंह सलाथिया ने प्रधानमंत्री की कूटनीतिक रणनीति की सराहना करते हुए कहा कि इससे भारत की स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि सरकार ने 70 दिनों तक गैस और पेट्रोल की आपूर्ति सुनिश्चित की है।

सलाथिया ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की नीतियों के कारण भारत वैश्विक चुनौतियों के बीच भी मजबूती से खड़ा है, जबकि कुछ लोग गलत जानकारी फैलाकर माहौल खराब करना चाहते हैं।

विधानसभा में इस पूरे घटनाक्रम के चलते सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली, जिससे सदन की कार्यवाही बाधित रही।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह