सोपोर में हिंसा में संलिप्तता के आरोप में छह लोग पीएसए के तहत गिरफ्तार
सोपोर, 24 अप्रैल (हि.स.)। सोपोर में हाल ही में हुए प्रदर्शनों से संबंधित हिंसा में संलिप्तता के आरोप में छह लोगों को लोक सुरक्षा अधिनियम (पीएसए) के तहत हिरासत में लिया गया है।
एक अधिकारी ने बताया कि सभी छह गिरफ्तार लोगों को जिला जेल भदरवाह में स्थानांतरित कर दिया गया है जबकि हिंसा से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और आगे की कार्रवाई की संभावना है। उन्होंने बताया कि एक व्याख्याता के खिलाफ उत्पीड़न के आरोप सामने आने के बाद प्रदर्शन शुरू हुए जो बाद में हिंसक हो गए।
उन्होंने कहा कि पत्थरबाजी और सार्वजनिक और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाएं सामने आईं जिनमें स्कूल भवनों और वाहनों को नुकसान पहुंचाना शामिल है। उन्होंने आगे बताया कि कई गिरफ्तारियां पहले ही की जा चुकी हैं जबकि अन्य संलिप्त लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

