home page

जम्मू-कश्मीर के सांबा में तीन संदिग्धों की सूचना पर सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन, इलाके में सतर्कता बढ़ी

 | 

जम्मू, 05 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के सांबा जिला के एक गांव में तीन संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधि की सूचना मिलने के बाद रविवार को सुरक्षा बलों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, दारुई क्षेत्र के बेध खड्ड के एक स्थानीय निवासी ने देर रात अंधेरे में तीन अज्ञात व्यक्तियों को सूखी धारा के किनारे चलते हुए देखा। बताया गया कि उनमें से एक व्यक्ति के पास भारी बैग था। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने उनके आतंकवादी होने की आशंका जताई। हालांकि, किसी के पास हथियार स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस के विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने सेना और अर्धसैनिक बलों के साथ मिलकर इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। सुरक्षा एजेंसियां पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी ले रही हैं और संदिग्धों के संभावित ठिकानों की जांच की जा रही है।

अधिकारियों के अनुसार, गांव और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान अभी भी जारी है, लेकिन अब तक संदिग्ध व्यक्तियों से कोई संपर्क स्थापित नहीं हो पाया है।

सुरक्षा बलों ने एहतियात के तौर पर इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और स्थानीय लोगों से सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह