अगले 24 घंटों में जम्मू और श्रीनगर समेत पूरे क्षेत्र में बारिश जारी रहने की संभावना
जम्मू, 19 मार्च (हि.स.)। जम्मू में गुरुवार को भी बारिश का सिलसिला जारी रहा। सुबह करीब 10 बजे शुरू हुई बारिश शाम तक लगातार होती रही। शहर के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई जिससे मौसम में एक बार फिर ठंडक बढ़ गई। ठंडी हवाओं और बारिश के कारण लोगों को सर्दी का अहसास हुआ और जनजीवन भी प्रभावित नजर आया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में जम्मू और श्रीनगर समेत पूरे क्षेत्र में बारिश जारी रहने की संभावना है। वहीं, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। विभाग ने शुक्रवार के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कुछ जगहों पर मध्यम से भारी बारिश और कश्मीर घाटी में बर्फबारी की भी आशंका जताई गई है।
बारिश और बर्फबारी के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन और पत्थर गिरने का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है, खासकर ऊंचे पहाड़ी इलाकों में जाने से परहेज करने को कहा है।
किसानों को भी 20 मार्च तक कृषि कार्य रोकने और 21 मार्च के बाद ही दोबारा शुरू करने की सलाह दी गई है। मौसम के इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ा है। जम्मू में अधिकतम तापमान में करीब 7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जबकि श्रीनगर में भी 6 से 7 डिग्री तक तापमान कम हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / SONIA LALOTRA

