जम्मू-कश्मीर में तीन दिनों तक बारिश और बर्फबारी की संभावना
श्रीनगर, 03 अप्रैल (हि.स.)। मौसम विभाग ने शुक्रवार से रविवार तक जम्मू-कश्मीर में मौसम में बदलाव का पूर्वानुमान लगाया है, जिसकी चरम स्थिति 4 अप्रैल के आसपास रहने की संभावना है।
स्थानीय मौसम विभाग ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में 3 से 5 अप्रैल तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी के साथ मौसम में बदलाव की संभावना है, जिसकी चरम स्थिति 4 अप्रैल के आसपास रहने की उम्मीद है। शुक्रवार को आसमान में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे और ऊंचे इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होगी। साथ ही छिटपुट स्थानों पर दोपहर में गरज, ओलावृष्टि और तेज हवाएं (30-50 किमी प्रति घंटा) चलेंगी।
मौसम विभाग ने कहा कि 4 अप्रैल को भी बारिश जारी रहेगी। घाटी और जम्मू डिवीजन में मध्यम बारिश और बर्फबारी की उच्च संभावना है, जिसकी चरम स्थिति इसी दिन रहने की संभावना है। 5 अप्रैल को मौसम में थोड़ा सुधार होने की संभावना है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और केवल छिटपुट हल्की बारिश होगी।
मौसम विभाग ने संवेदनशील क्षेत्रों, विशेष रूप से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भूस्खलन, कीचड़ और पत्थर गिरने की आशंका जताई है। किसानों और बागवानों को 3-4 अप्रैल के दौरान बारिश और तेज हवाओं की आशंका के चलते कीटनाशक छिड़काव और अन्य कृषि कार्यों को स्थगित करने की सलाह दी गई है। इस दौरान दिन के तापमान में भारी गिरावट आने की संभावना है। मौसम आमतौर पर अस्थिर रहने की आशंका है और 7-9 अप्रैल के बीच बारिश, बर्फबारी का एक और दौर आ सकता है।
इसी बीच श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में 4 डिग्री और पहलगाम में 6.2 डिग्री रहा। जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस, कटरा कस्बे में 19 डिग्री, बटोटे में 13.5 डिग्री, बनिहाल में 12.1 डिग्री और भदरवाह में 10 डिग्री रहा। जम्मू और कश्मीर में सर्दियों के मौसम में कम बारिश और बर्फबारी हुई, जिससे पीने और सिंचाई के लिए पानी की उपलब्धता को लेकर चिंताएं बढ़ गईं। फरवरी और मार्च में पर्याप्त बारिश हुई थी। मैदानी इलाकों में बारिश और ऊंचे इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई है। इसके परिणामस्वरूप स्थानीय नदियों, पहाड़ी नालों, झीलों, झरनों और कुओं में जलस्तर बढ़ गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

