home page

टीवीके नेता विजय को सरकार बनाने से रोकने का कोई औचित्य नहीं : उमर

 | 

श्रीनगर, 08 मई (हि.स.)। जम्मू और कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को कहा कि तमिलनाडु के राज्यपाल के पास टीवीके नेता विजय को सरकार बनाने से रोकने का कोई औचित्य नहीं है और उन्हें विधानसभा में बहुमत साबित करने का अवसर दिया जाना चाहिए।

अब्दुल्ला ने कहा कि सर्वोच्च न्यायालय के कई फैसलों के मद्देनजर तमिलनाडु में राष्ट्रपति शासन लगाने का कोई औचित्य नहीं है, जिनमें सबसे बड़ी पार्टी को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने और फिर सदन में अपना बहुमत साबित करने पर जोर दिया गया है। अगर हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले को देखें, तो राष्ट्रपति शासन नहीं होना चाहिए। ऐसे कई मामले हैं, जिनमें सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट रूप से कहा है कि चुनाव के बाद सबसे बड़ी पार्टी को (सरकार गठन के लिए) आमंत्रित किया जाना चाहिए और उन्हें विधानसभा में अपना बहुमत साबित करने का मौका दिया जाना चाहिए।

अब्दुल्ला ने तमिलनाडु की राजनीतिक स्थिति के बारे में पूछे जाने पर यहां पत्रकारों से कहा कि ऐसा तब हुआ जब (पूर्व प्रधानमंत्री) वाजपेयी ने 13 दिनों के लिए सरकार बनाई। भारत के राष्ट्रपति ने उनके बहुमत का इंतजार नहीं किया। भारत के राष्ट्रपति ने उन्हें आमंत्रित किया सरकार 13 दिनों तक चली लेकिन जब वाजपेयी के पास बहुमत नहीं था, तो उन्होंने इस्तीफा दे दिया इसलिए अगर हम सुप्रीम कोर्ट के फैसले को देखें, तो तमिलनाडु के पास इस प्रक्रिया को रोकने का कोई औचित्य नहीं है। अब्दुल्ला ने कहा कि विजय को सरकार बनाने की अनुमति दी जानी चाहिए और फिर उन्हें अपना बहुमत साबित करने का अवसर दिया जाना चाहिए और अगर वे साबित कर देते हैं, तो वे बने रहेंगे लेकिन अगर नहीं तो उन्हें इस्तीफा देना होगा।

-------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह