home page

एसआईए ने पीओके में सक्रिय आतंकी की कुपवाड़ा जिले में अचल संपत्ति जब्त की

 | 

कुपवाड़ा, 07 मई (हि.स.)। राज्य जांच एजेंसी (एसआईए) ने बुधवार को प्रतिबंधित संगठन लश्कर-ए-तैबा (एलईटी) के पाकिस्तान अधिकृत जम्मू और कश्मीर (पीओजेके) में सक्रिय एक आतंकी की कुपवाड़ा जिले में अचल संपत्ति जब्त कर ली।

एजेंसी के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस स्टेशन एएनटीएफ की एफआईआर (संख्या 03/2023) के संबंध में की गई, जिसे शुरू में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने दर्ज किया था। बाद में जांच में बड़े पैमाने पर आतंकी वित्तपोषण और सीमा पार नशीले पदार्थों से जुड़े आतंकी संबंधों का खुलासा होने के बाद यह मामला एसआईए कश्मीर को सौंप दिया गया था।

बयान में कहा गया है कि जांच में यह स्थापित हुआ कि कुपवाड़ा के मंडियान केरन का निवासी जमीर अहमद लोन वर्तमान में पीओजेके से सक्रिय है। वह जम्मू और कश्मीर में शांति और सुरक्षा को भंग करने के उद्देश्य से नशीले पदार्थों की तस्करी और आतंकी गतिविधियों में शामिल है। उसे पहले ही सक्षम न्यायालय ने गिरफ्तारी से बचने और सीमा पार से राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को जारी रखने के आरोप में भगोड़ा घोषित किया है। सक्षम न्यायालय ने रिकॉर्ड पर मौजूद साक्ष्यों की जांच करने के बाद उसकी संपत्ति कुर्क करने का आदेश दिया।

एसआईए कश्मीर ने नशीले पदार्थों की तस्करी, आतंकी वित्तपोषण और सीमा पार आतंकवादी संबंधों से संबंधित पर्याप्त सबूतों का पता लगाने के बाद सक्षम न्यायालय के समक्ष विस्तृत आरोपपत्र दायर किया था। इसके बाद न्यायालय के निर्देशों पर एसआईए कश्मीर ने कुपवाड़ा के मंडियान केरन में खसरा संख्या 113 के अंतर्गत एक कनाल और 14.37 मरला अचल संपत्ति को कुर्क किया। कुर्की की प्रक्रिया एसआईए की एक विशेष टीम ने कार्यकारी मजिस्ट्रेट और स्थानीय राजस्व अधिकारियों की उपस्थिति में संपन्न की।

-------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह