home page

35 से 50 वर्षों से बंद क्षत्रिय समाज की श्री बाला देवी मंदिर यात्रा दोबारा शुरू करने की पहल

 | 

जम्मू, 17 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू-कश्मीर क्षत्रिय समाज ने अपनी दशकों पुरानी धार्मिक परंपरा को पुनर्जीवित करने की पहल करते हुए श्री बाला देवी जी मंदिर, बलहामा, खानमोह, श्रीनगर के लिए दो दिवसीय धार्मिक यात्रा का आयोजन किया है। यह यात्रा शनिवार सुबह 10 बजे जम्मू के एम.ए. स्टेडियम से रवाना हुई।

इस धार्मिक यात्रा को लेकर भाजपा विधायक आर.एस. पठानिया और प्रवक्ता जोरावर सिंह ने जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि क्षत्रिय समाज की कुलदेवी श्री बाला देवी जी के मंदिर की यह पारंपरिक यात्रा पिछले करीब 35 से 50 वर्षों से बंद पड़ी थी, जिसे अब दोबारा शुरू करने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य क्षत्रिय समाज की धार्मिक आस्था, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना तथा आने वाली पीढ़ियों को अपनी धार्मिक जड़ों से जोड़ना है।

यात्रा में शामिल श्रद्धालु श्रीनगर के बलहामा स्थित श्री बाला देवी जी मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना करेंगे।

18 अक्टूबर को सुबह 9 से 10 बजे के बीच मंदिर परिसर में मुख्य पूजा और हवन का आयोजन निर्धारित किया गया है। इस दौरान क्षत्रिय समाज के सदस्य अपनी कुलदेवी का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे और परिवार तथा समाज की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।

आयोजकों ने उम्मीद जताई कि इस यात्रा के दोबारा शुरू होने से समाज की पुरानी धार्मिक परंपरा को नई पहचान मिलेगी और भविष्य में भी इसे जारी रखने का मार्ग प्रशस्त होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता