home page

राशन कार्ड नियमों में किए गए बदलावों के खिलाफ कश्मीरी पंडित समुदाय का विरोध प्रदर्शन

 | 

जम्मू, 06 मई (हि.स.)। जम्मू में बुधवार को कश्मीरी पंडित समुदाय का बड़ा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। राहत आयुक्त कार्यालय के बाहर सैंकड़ों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए और राशन कार्ड नियमों में किए गए बदलावों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को राहत आयुक्त कार्यालय की ओर बढ़ने से रोक दिया। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प भी हुई। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

प्रदर्शन कर रहे कश्मीरी पंडितों का आरोप है कि नए नियमों और एनएफएसए प्रक्रिया के कारण हजारों विस्थापित परिवारों के अधिकार प्रभावित हो सकते हैं। समुदाय के लोगों का कहना है कि राशन कार्ड सत्यापन और नई श्रेणी व्यवस्था के चलते कई परिवारों का “माइग्रेंट स्टेटस” कमजोर पड़ सकता है जिससे राहत और अन्य सुविधाओं पर असर पड़ेगा।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की है कि मौजूदा प्रक्रिया को तुरंत वापस लिया जाए और विस्थापित कश्मीरी पंडितों के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

समाचार लिखे जाने तक सरकार की और से इस संबंध में कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी।

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह