कर्नाह को सीमावर्ती पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करेगी सरकार: उमर अब्दुल्ला
जम्मू, 28 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को विधानसभा में जानकारी दी कि राज्य सरकार कर्नाह क्षेत्र को एक प्रमुख सीमावर्ती पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में साहसिक और प्रकृति आधारित पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद हैं।
सदन में एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने बताया कि कर्नाह में ट्रेकिंग, हाइकिंग और इको-टूरिज्म जैसी गतिविधियों के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं। इन संभावनाओं का बेहतर उपयोग कर क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत किया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सरकार सीमावर्ती क्षेत्रों की अनछुई संभावनाओं को विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है। कर्नाह जैसे इलाकों में सतत पर्यटन को बढ़ावा देकर न केवल पर्यटकों को आकर्षित किया जा सकेगा, बल्कि स्थानीय निवासियों के लिए रोजगार और आय के नए अवसर भी सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री ने यह भी संकेत दिया कि सरकार इस दिशा में योजनाबद्ध तरीके से काम कर रही है, ताकि पर्यटन विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय संस्कृति का भी ध्यान रखा जा सके।------------
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

