जम्मू-कश्मीर के स्वास्थ्य विभाग में लगभग 10 हजार पद खाली : सरकार
जम्मू, 04 फ़रवरी (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर सरकार ने बुधवार को विधानसभा को सूचित किया कि राज्य में सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली भारी जनशक्ति की कमी का सामना कर रही है। स्वास्थ्य संस्थानों और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में लगभग 10 हजार पद खाली पड़े हैं।
बडगाम विधायक आगा मुंतजिर मेहदी के एक सवाल के जवाब में स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा मंत्री सकीना इटू ने बड़े पैमाने पर रिक्तियों को स्वीकार किया और कहा कि सरकार सभी स्वीकृत पदों को भरने के लिए भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। सदन में साझा किए गए विवरण के अनुसार सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) जम्मू में 538 राजपत्रित और 904 गैर-राजपत्रित रिक्त पद हैं जबकि जीएमसी श्रीनगर में 434 राजपत्रित और 174 गैर-राजपत्रित कर्मचारियों की कमी है।
जीएमसी बारामूला में 1,304 स्वीकृत पदों में से 431 रिक्तियां हैं, जबकि जीएमसी अनंतनाग में 1,098 स्वीकृत पदों में से 424 रिक्त पद हैं। जीएमसी राजौरी को 125 संकाय पदों की कमी का सामना करना पड़ रहा है और जीएमसी उधमपुर में 799 स्वीकृत पदों में से 668 रिक्तियां हैं। परिवार कल्याण विभाग में 2,276 स्वीकृत पदों में से 573 पद रिक्त हैं। सदन को बताया कि स्वास्थ्य सेवा निदेशालय, कश्मीर (डीएचएसके) 388 राजपत्रित और 2,797 गैर-राजपत्रित रिक्तियों से जूझ रहा है, जिससे पूरी घाटी में प्राथमिक और माध्यमिक स्वास्थ्य सेवाएँ गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं।
इसी तरह स्वास्थ्य सेवा निदेशालय, जम्मू (डीएचएसजे) 1,489 रिक्त पदों से जूझ रहा है। मंत्री सकीना इटू ने कहा कि इन रिक्तियों को भरने से स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को महत्वपूर्ण राहत मिल सकती है। साथ ही केंद्र शासित प्रदेश में हजारों बेरोजगार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

