सतवारी गिरोह संघर्ष में दो भाई घायल; तीन गिरफ्तार, पिस्तौल जब्त
जम्मू, 25 मई (हि.स.)। देर रात जम्मू के सतवारी थाना क्षेत्र के हरिपुर, फल्लैन मंडल इलाके में रिंग रोड पर प्रतिद्वंद्वी गिरोह के हमले में दो भाई गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने सतवारी थाना में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अपराध में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। हमले में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी जब्त कर ली गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घायल भाई जिंनकी पहचान पारस शर्मा और ऋषु शर्मा के रूप में हुई है जो पवन कुमार के पुत्र और सुर चक, मंडल निवासी हैं, देर रात करीब 8 बजे हरिपुर, फल्लैन मंडल इलाके में स्कॉर्पियो वाहन में यात्रा कर रहे थे तभी गुगली गिरोह के सदस्यों ने कथित तौर पर उन्हें रोक लिया। गुगली गिरोह का सरगना हैप्पी चौधरी उर्फ गुगली है।
हमलावरों ने कथित तौर पर वाहन का रास्ता रोक दिया और भाइयों पर धारदार हथियारों से हमला किया और उन पर गोलियां भी चलाईं जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
सूचना मिलते ही पुलिस की एक टीम घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को जम्मू के सरकारी मेडिकल कॉलेज ले गई जहां से सिर और पैर में गंभीर चोटों को देखते हुए उन्हें आगे के इलाज के लिए अमृतसर के एक अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद पुलिस ने सतवारी पुलिस स्टेशन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर घटना में शामिल सभी लोगों की तलाश शुरू कर दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि अब तक राजिंदर कुमार उर्फ बब्बू, रघुवीर और शिवम चौधरी नाम के तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है और कथित तौर पर अपराध में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी जब्त कर ली गई है।
उन्होंने बताया कि मुख्य आरोपी हैप्पी चौधरी उर्फ गुगली समेत बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।
सूत्रों के अनुसार यह झड़प दो गुटों के बीच पुरानी दुश्मनी का नतीजा थी जो लगभग पांच साल पहले बुरे चक गांव में होली के दौरान हुए विवाद से शुरू हुई थी। तब से प्रतिद्वंद्वी गुटों के बीच कई हमले और झड़पें हो चुकी हैं।
सूत्रों ने आगे बताया कि हैप्पी चौधरी को हाल ही में सार्वजनिक सुरक्षा अधिनियम के तहत उनकी हिरासत की अवधि समाप्त होने के बाद लगभग एक महीने पहले जेल से रिहा किया गया था
हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

