home page

दुनिया युद्ध के लिए तैयार नहीं, क्योंकि मौजूदा आर्थिक हालात खराब : फारूक अब्दुल्ला

 | 

श्रीनगर, 06 मई (हि.स.)। नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला ने बुधवार को कहा कि 'ऑपरेशन सिन्दूर' ने अपना लाभ दिया है, लेकिन साथ ही कहा कि युद्ध समाधान नहीं लाते केवल दुख लाते हैं।

अब्दुल्ला ने यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाताओं से कहा कि यूक्रेन और वहां के विनाश को देखें, मध्य पूर्व को देखें, यहां गैस (आपूर्ति) की स्थिति को देखें। कतर को गैस आपूर्ति बहाल करने में एक या दो साल लगेंगे। खाड़ी की स्थिति के बारे में एक अन्य सवाल के जवाब में पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया युद्ध के लिए तैयार नहीं है, क्योंकि मौजूदा आर्थिक हालात खराब हैं। उन्होंने कहा कि हर देश की आर्थिक स्थिति पहले से ही खराब है और कोई भी देश युद्ध नहीं चाहता है। मध्य पूर्व में सबसे अधिक तेल और गैस है और अगर दबाव जारी रहा, तो दुनिया में स्थिति इतनी खराब हो जाएगी कि जीवित रहना मुश्किल हो जाएगा।

यह पूछे जाने पर कि क्या उन्हें चुनाव में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) का कोई प्रभाव दिखता है, अब्दुल्ला ने कहा कि हर चीज का प्रभाव था। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी इंडिया गठबंधन पहले से ही मजबूत है और इसमें कोई कमी नहीं है। पंजाब में धमाकों के बारे में एक सवाल के जवाब में पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत में धमाके होते रहे हैं और इसमें कोई नई बात नहीं है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि आपको घबराना नहीं चाहिए।'' विपक्ष द्वारा जम्मू-कश्मीर में एनसी सरकार पर निशाना साधने पर अब्दुल्ला ने कहा कि यह अच्छी बात है कि विपक्ष अपना काम कर रहा है। यदि वे ऐसा नहीं करेंगे तो वे कैसे जीवित रहेंगे? उन्हें जो कहना है कहने दीजिए. हमारी पार्टी वैसे ही काम कर रही है जैसे उसे करना है और हम ऐसा करना जारी रखेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह