home page

जम्मू पुलिस की बड़ी सफलता: वांछित अपराधी अवनीत सिंह उर्फ नागी गिरफ्तार

 | 

जम्मू, 12 मई (हि.स.)। जम्मू पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियारों के खिलाफ चल रहे अपने अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके पास से व्यावसायिक मात्रा में हेरोइन जैसा पदार्थ, एक अवैध पिस्तौल और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। उसके खिलाफ 17 एफआईआर दर्ज थीं।

बहू फोर्ट पुलिस स्टेशन की एक पुलिस टीम ने 12 मई 2026 को लगभग 00:30 बजे नरवाल-पनामा चौक मार्ग पर रेलवे पुल नरवाल के पास नाकाबंदी के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका जिसने पुलिस दल को देखकर नाके से बचने की कोशिश की।

तलाशी और व्यक्तिगत जांच के दौरान उसके पास से तीन जिंदा कारतूसों से भरी एक ग्लॉक पिस्तौल और लगभग 266.35 ग्राम हेरोइन जैसा पदार्थ (चिट्टा), जिसमें पॉलीथीन के पैकेट भी शामिल थे बरामद किए गए।

आरोपी की पहचान अवनीत सिंह उर्फ नागी पुत्र विक्रम सिंह निवासी सुंदरपुर के रूप में हुई है। उससे रामद प्रतिबंधित सामग्री और अवैध पिस्तौल के संबंध में वह कोई वैध लाइसेंस या संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने में विफल रहा। तदनुसार पुलिस स्टेशन बहू फोर्ट में धारा 8/21/22/27-ए एनडीपीएस अधिनियम और धारा 3/25 शस्त्र अधिनियम के तहत एफआईआर संख्या 111/2026 दर्ज की गई है और जांच शुरू कर दी गई है।

गौरतलब है कि आरोपी एनडीपीएस अधिनियम, शस्त्र अधिनियम और अन्य जघन्य अपराधों से संबंधित 17 आपराधिक मामलों में संलिप्त है जो आरएस पुरा, घरोटा, मीरान साहिब, सतवारी, रामगढ़ और दीनानगर पठानकोट में दर्ज हैं। इससे पहले मीरान साहिब के विशेष नाके पर उसका साथी जानू भागने की कोशिश करते समय घायल हो गया था।

जम्मू पुलिस ने कहा है कि मादक पदार्थों के खतरे और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबद्ध है और जनता से सहयोग करने और अपने क्षेत्र में किसी भी संदिग्ध गतिविधि के बारे में जानकारी साझा करने की अपील करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह