एसपीओ की हत्या पर एक बयान के मामले मेंं जम्मू-कश्मीर कांग्रेस ने भाजपा विधायक से माफी की मांग की, पुलिस ने विरोध प्रदर्शन किया विफल
श्रीनगर, 17 नवंबर (हि.स.)। पुलिस ने मंगलवार को जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (जेकेपीसीसी) द्वारा भाजपा के कथित तौर पर केंद्र शासित प्रदेश में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के प्रयासों के खिलाफ किए जा रहे विरोध प्रदर्शन को विफल कर दिया।
प्रदर्शनकारियों ने किश्तवाड से भाजपा विधायक शगुन परिहार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जिन्होंने दावा किया था कि दो एसपीओ की हत्या से पहले किश्तवाड की एक मस्जिद से घोषणाएं की गई थीं।
इस दाैरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता श्रीनगर के एमए रोड स्थित पार्टी मुख्यालय पर एकत्र हुए और विरोध मार्च निकालने का प्रयास किया। उन्होंने भाजपा के खिलाफ और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और जेकेपीसीसी अध्यक्ष तारिक कर्रा के समर्थन में नारे लगाए। प्रदर्शनकारियों ने मुख्य सड़क पर मार्च निकालने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और आगे नहीं बढ़ने दिया।
पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस के श्रीनगर जिला अध्यक्ष आदिल मीर ने कहा कि पार्टी क्षेत्र में भाजपा द्वारा सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने के प्रयासों का विरोध करना चाहती थी लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं बढ़ने दिया।
मीर ने कहा कि हम मांग करते हैं कि परिहार के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए। हम उनसे सार्वजनिक माफी की भी मांग करते हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी कार्यकर्ता भाजपा द्वारा कर्रा के उस बयान का विरोध करने पर उनके साथ एकजुटता व्यक्त करना चाहते थे जिसमें उन्होंने कहा था कि ऐसी खबरें हैं कि सुरक्षाकर्मियों ने एसपीओ को आतंकवादी समझकर गोली मार दी होगी। मीर ने आरोप लगाया कि भाजपा जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा और कानून व्यवस्था को संभालने में अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

